Wednesday, January 26, 2011

आइटी कंपनियां लाएंगी नौकरियों की बहार


देश का आइटी क्षेत्र जमकर नौकरियां बरसाने जा रहा रहा है। ग्लोबल मंदी के असर को झटक कर अब यह फिर से तेजी के दौर में प्रवेश कर चुका है। इस साल यह उद्योग 2 लाख से ज्यादा कर्मचारी भर्ती करेगा। इसमें अकेले देश की पांच शीर्ष कंपनियां 1.80 लाख पेशेवरों की नियुक्ति करेंगी। देश की दिग्गज आइटी कंपनी टीसीएस इसी साल जनवरी से मार्च के दौरान 12,000 कर्मचारी नियुक्त करेगी। साल भर में नई नौकरियों का यह आंकड़ा 50 हजार से ज्यादा रहेगा। साल के दौरान यह कंपनी 37,000 पेशेवरों का चयन कॉलेज कैंपसों से करेगी। बीते साल अप्रैल-दिसंबर की अवधि में ही कंपनी 50 हजार को नौकरी दे चुकी है। इन्फोसिस टेक्नोलॉजीज के सीईओ एस. गोपालकृष्णन ने कोयंबटूर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि देश का आइटी उद्योग एक बार फिर वृद्धि की राह पर है। देश की इस दूसरी सबसे बड़ी आइटी कंपनी के मुखिया के मुताबिक आइटी में फिर से नियुक्तियों का दौर शुरू हो चुका है। ग्लोबल मंदी के चलते वर्ष 2008 में देश के आइटी उद्योग की वृद्धि दर इकाई में आ गई थी। इस दौरान ज्यादातर आइटी कंपनियों ने नियुक्तियां बंद कर दी थीं, वहीं कई फर्मो ने छंटनी भी की थी। अब दौर फिर बदला है। आज बहुराष्ट्रीय कंपनियां भी अपने बाजार के विस्तार के लिए भारत की ओर टकटकी लगाए हैं। इतना ही नहीं अब बड़ी आइटी कंपनियां छोटे शहरों की ओर रुख कर रही हैं। यानी महानगरों के इतर भी अब नौकरियों के मौके बढ़ेंगे। आइटी का 15 बरस का सफर पिछले 15 बरस में आइटी उद्योग बड़ी तेजी से बढ़ा है। वर्ष 1993 में इस उद्योग में 1.5 लाख कर्मचारी थे। वर्ष 1999 में यह संख्या यह संख्या बढ़कर 5 पांच लाख हो गई। देश की शीर्ष चार कंपनियों- टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो और कॉग्निजेंट के कर्मचारियों की संख्या एक लाख से ज्यादा है। आज अकेले टीसीएस में ही पौने दो लाख से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे हैं। फिलहाल आइटी उद्योग में 23 लाख से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत हैं। महिंद्रा देगा 25 हजार नौकरियां मुंबई, एजेंसी : आइटी के अलावा अन्य क्षेत्र भी भर्तियों के मामले में पीछे नहीं हैं। अब महिंद्रा समूह को ही ले लीजिए। वाहन से लेकर विमानन, फाइनेंस से कृषि उपकरण व आइटी क्षेत्र में काम करने वाला यह समूह ने इस साल 25,000 कर्मचारी भर्ती करेगा। महिंद्रा एंड महिंद्रा के प्रेसीडेंट (ग्रुप एचआर) राजीव दुबे ने यह जानकारी दी। महिंद्रा समूह के पेशेवरों की संख्या 1.12 लाख है। दुनिया की प्रमुख टै्रक्टर कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा वाहन क्षेत्र की एक प्रमुख फर्म है। वह दोपहिया वाहन से लेकर एसयूवी तक बनाती है। आइटी क्षेत्र में समूह की कंपनी टेक महिंद्रा और महिंद्रा सत्यम के रूप में दमदार मौजूदगी है। दुबे के मुताबिक कंपनी ने महिंद्रा ब्रांड के विस्तार के लिए ज्यादा अनुभवी पेशेवरों की नियुक्ति की तैयारी की है। होटल उद्योग की जानी मानी कंपनी कार्लसन भी दिसंबर, 2011 के अंत देश में 6,000 लोगों को नौकरी देगी। वहीं दुनिया की दिग्गज पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनी कोका कोला भी भारत में 600 नियुक्तियां करेगी। फिलहाल कोका कोला की भारतीय यूनिट में 6,500 कर्मचारी हैं।



No comments:

Post a Comment